रायबरेली-कांग्रेस अब देख रही यूपी का सपना,

0 83

- Advertisement -

कांग्रेस अब देख रही यूपी का सपना

रिपोर्ट- हिमांशु शुक्ला

- Advertisement -

रायबरेली : कांग्रेस अब बेचैनी से यूपी का सपना देख रही है। उसे पता है कि संघर्षों के रास्ते से ही सत्ता मिलती है। इस नाते वह संगठन को ताकतवर बनाने की हर संभव कोशिश कर रही है। यही कारण है कि लगातार तीन दिनों तक भुएमऊ गेस्ट हाउस की चहारदीवारी के भीतर पीसीसी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता और पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण लिया। इस शिविर में पूरे समय महासचिव प्रियंका वाड्रा मौजूद रहीं। मीडिया तो क्या पार्टी के अन्य नेताओं से भी यहां की हर गतिविधि दूर रखी गई।

रायबरेली कांग्रेस का यूपी में इकलौता गढ़ बचा है। पार्टी पूरी यूपी में मजबूती से खड़ी होने के लिए इसी धरती का उपयोग कर रही है। उसकी आंखों से अमेठी ओझल नहीं है। वहां भी उम्मीद की लौ जलाए हुए है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 45 लोगों को छह सत्रों में पार्टी की रीतिनीति पढ़ाई गई। उसका लब्बोलुआब यही था कि तरकश में सरकार के खिलाफ बहुत सारे तीर हैं। इस्तेमाल करने की जरूरत है। एक सत्र में सिर्फ मुद्दों की बात छिड़ी तो नोटबंदी से लेकर कालाधन, पैसा लेकर विदेश भागने वाले और आर्थिक मंदी जैसे राष्ट्रीय विषय उठाए गए। यूपी के नेताओं ने इन्हीं के साथ बेसहारा मवेशियों, बढ़ते अपराध और बेरोजगारी पर जोर दिया। निचले स्तर से शीर्ष नेतृत्व तक यूपी में अपराध का ग्राफ बढ़ने की बातें कार्यकर्ताओं को बताता रहा। संगठन के पदाधिकारियों से कहा गया कि खामोशी नहीं, यहां इन मुद्दों पर धारदार और तेवरदार आंदोलन होने चाहिए। ताकि सड़कें गवाह बनें और लोगों में सरकार का असल चेहरा दिखाया जा सके। पदाधिकारियों से यह भी कहा गया कि वे एक बड़ी पार्टी के अंग है। ऐसे में उनका हर क्रियाकलाप सार्वजनिक रूप ले लेता है। इस नाते पूरे संयम और सतर्कता से बात-व्यवहार करें। तीनों दिन संगठन पर ही खासा फोकस रहा। पार्टी नेताओं को भी साफ कर दिया गया है कि वे काम करके ही नाम करेंगे। बिना काम के अब पार्टी किसी को ढोएगी नहीं।

इनसेट-

‘गंगोह में प्रशासन ने की मनमानी, जांच हो’

भुएमऊ गेस्ट हाउस से कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा तीन दिनी कार्यशाला के बाद जब निकलीं तो मीडिया ने घेरकर कई सवाल पूछे। मगर, उन्होंने चंद बातें कहकर अपनी गाड़ी का शीशा चढ़ा दिया। वे बोलीं कि मैं ज्यादा तर समय कार्यशाला में रही। मगर, जो ट्रेंड देखे हैं, वह हरियाणा में उत्साहित करने वाले हैं। जबकि महाराष्ट्र में हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा है और यूपी के गंगोह में प्रशासन ने मनमानी की है। हमने इसकी कंप्लेंट कराई है। जांच होनी चाहिए।

प्रियंका ने किया ट्वीट

भुएमऊ गेस्ट हाउस से ही प्रियंका वाड्रा ने एक ट्वीट किया, जिसमें लिखा भाजपा इतने अहंकार में है कि गंगोह में हमारे जीतते हुए प्रत्याशी को काउंटिग सेटर से निकाल कर उनका मंत्री जनता का निर्णय बदलने के प्रयास में है। डीएम को पांच-पांच फोन पर लीड कम करवाने के आदेश आ रहे थे। यह लोकतंत्र का सरासर अपमान है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ सख्ती से लड़ेगी। निर्वाचन आयोग इस मामले की निष्पक्षता से जांच कराए।

कुप्रबंधन ने खूब छकाया

तीन दिनों तक कार्यशाला थी। कांग्रेस को पता था कि इसे कवर करने के लिए मीडिया बाहर रहेगी। उनके नेताओं को यह भी जानकारी थी कि स्थानीय कार्यकर्ता भी मिलने आते-जाते रहेंगे, लेकिन किसी जिम्मेदार ने यह जहमत नहीं उठाई कि वह मीडिया तक कोई भी सूचना पहुंचा दे। यहां तक कि पार्टी के कार्यकर्ता भी अगर अपने नेता से मिलने की आस उम्मीद लेकर पहुंचे तो वह भी निराश हुए।